Saturday, November 14, 2026
Home International ब्रिटेन में 27 वर्षीय भारतीय छात्र को 30 साल की कैद, अश्लील...

ब्रिटेन में 27 वर्षीय भारतीय छात्र को 30 साल की कैद, अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करने के आरोप

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। ब्रिटेन में 27 वर्षीय भारतीय छात्र को उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में कई बच्चों का ऑनलाइन शोषण करने और उन्हें यौन गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर करने के जुर्म में शुक्रवार को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गयी। ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे ऐसा व्यक्ति बताया है जो लगातार ऑनलाइन माध्यमों से बच्चों या किशोरों को अपने विश्वास में लेकर उन्हें यौन शोषण के जाल में फंसाता है। बिलाल काजी को ऑनलाइन बाल यौन शोषण के कई अपराधों का दोष स्वीकार करने के बाद चेस्टर क्राउन अदालत में सजा सुनाई गई। अदालत में बताया गया कि काजी ने 10 से 15 साल की उम्र की लड़कियों का विश्वास जीतने के लिए सोशल मीडिया और गेमिंग मंच पर एक किशोर होने का नाटक किया था। ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (सीपीएस) के विशेष अभियोजक मार्टिन मैकरॉब ने कहा, ”बिलाल काजी ने बड़ी संख्या में कम उम्र की लड़कियों को बहलाने-फुसलाने और उनका शोषण करने में पूरी तरह से निर्ममता दिखाई।” उन्होंने कहा, ”उसने ऑनलाइन उनसे दोस्ती की और उन्हें यौन कृत्य करते हुए तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद, जिन लड़कियों ने उसकी आगे की मांगों को मानने से इनकार कर दिया, उसने उनकी अश्लील तस्वीरें दूसरों को भेजने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया।”

Advertisements

मैकरॉब ने कहा, ”उसने पीड़ित लड़कियों को आकर्षित करने और उनका विश्वास जीतने के लिए एक किशोर लड़के का रूप धारण किया और कई लड़कियों को यह विश्वास दिलाया कि वे उसके साथ एक सच्चे रिश्ते में हैं। जब पीड़ितों को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो वे स्वाभाविक रूप से काफी परेशान हुईं और कुछ को गंभीर तथा दीर्घकालिक मानसिक आघात का सामना करना पड़ा।”

चेशायर कॉन्स्टेबुलरी की ऑनलाइन बाल शोषण जांच टीम की डिटेक्टिव कांस्टेबल जॉर्जिया ह्यूजेस ने कहा, ”काजी के झांसे में आयी लड़कियां कम उम्र की और संवेदनशील थीं। उनमें से कई के लिए, उसके साथ हुई बातचीत उनके जीवन का पहला अनुभव था जिसे वे एक रोमांटिक रिश्ता मानती थीं। उस भरोसे का फायदा उठाते हुए काजी ने उन्हें यह विश्वास दिलाने के लिए बहकाया कि उसका व्यवहार सामान्य है।” उन्होंने कहा, ”उसके अपराधों का पीड़ितों पर गहरा और स्थायी प्रभाव पड़ा है। कई लड़कियां इस निरंतर डर में जीती रहीं कि यदि वे उसकी मांगें पूरी करने में विफल रहीं तो वह क्या करेगा और कुछ ने वर्षों तक उस डर को अपने भीतर दबाए रखा।”

पुलिस बल के अनुसार, पहली पीड़िता ने बताया कि जब वह 13 साल की थी, तब उसने ‘स्नैपचैट’ पर काजी से बात करना शुरू किया था और उसे अपनी ही उम्र का समझा था। उनकी बातचीत जल्द ही यौन प्रकृति की हो गई, जिसमें काजी पीड़िता से कई अनुचित सवाल पूछने लगा। ब्रिटिश अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2021 में पीड़िता ने काजी से कहा कि वह केवल दोस्त बनकर रहना चाहती है और अब उसे तस्वीरें नहीं भेजना चाहती। इसके जवाब में काजी गाली-गलौज पर उतर आया और उसने धमकी दी कि यदि उसने उसकी मांगें नहीं मानीं, तो वह पहले साझा की गई तस्वीरों और वीडियो को उसके दोस्तों को भेज देगा। काजी की धमकियों से डरकर, पीड़िता मजबूरन लगातार अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजती रही। इसके तुरंत बाद, पीड़िता का स्नैपचैट खाता हैक हो गया और उसने काजी के साथ जो सामग्री साझा की थी, वह उसके दोस्तों को भेज दी गई। इसके बाद उसने नवंबर 2021 में डर्बीशायर पुलिस में काजी की शिकायत दर्ज कराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here