Saturday, November 14, 2026
Home Chandigarh पंजाब सरकार ने बिजली बकायेदारों को दी राहत, 31 मार्च तक का...

पंजाब सरकार ने बिजली बकायेदारों को दी राहत, 31 मार्च तक का जुर्माना व ब्याज माफ, कनेक्शन होंगें बहाल

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए विशेष योजना का ऐलान किया है। इस फैसले के तहत कुल 2516 करोड़ रुपये के बकाया में से 518 करोड़ रुपये की राशि माफ की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल 31 मार्च 2026 तक बकाया था, उनका पूरा जुर्माना और ब्याज माफ कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के लगभग 24 लाख 86 हजार उपभोक्ताओं को सीधा वित्तीय लाभ पहुंचेगा।

Advertisements

इस वन टाइम सेटलमेंट स्कीम (OTS) का मुख्य उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है जो भारी जुर्माने और ब्याज के कारण अपना पुराना बिल नहीं भर पा रहे थे। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की कागजी प्रक्रिया या बिजली कार्यालयों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं होगी। छूट की राशि खुद-ब-खुद आएगी और उपभोक्ताओं को संशोधित OTS बिल भेजा जाएगा। योजना के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण राहत दी गई है। जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा न होने के कारण मीटर काट दिए गए थे, उनके कनेक्शन भी फिर से जोड़ दिए जाएंगे। बिल का भुगतान करते ही रिकनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here