
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। लुधियाना के बीआरएस नगर इलाके में एक महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात को अंजाम देने के आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि महिला के पति और बेटे पर लगे हैं। शादी के करीब 25 साल बाद भी महिला को घरेलू कलह और कथित प्रताड़ना से राहत नहीं मिली। महिला के भाई ने आरोप लगाया कि उसका जीजा लंबे समय से उसकी बहन को परेशान करने के साथ-साथ उसके साथ मारपीट भी करता था। इतना ही नहीं, महिला का बेटा भी नशे की बुरी लत का शिकार था। घटना से पहले महिला के पति की ओर से भेजे गए एक वीडियो में महिला के हाथ पर चोट लगी हुई दिखाई दे रही थी। जब महिला का भाई उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने महिला के पति रविकांत और उसके बेटे रोहित शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

थाना सराभा नगर पुलिस को शिकायत देते हुए मृतका निर्मला रानी के भाई और फिरोजपुर निवासी बलजीत कुमार ने बताया कि उसकी बहन निर्मला रानी उर्फ अलका रानी की शादी करीब 25 साल पहले रविकांत के साथ हुई थी। उनके 22 साल का एक बेटा भी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका भांजा नशे का आदी है और नशा करने के बाद अपनी मां से पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर वह अपनी मां को काफी परेशान करता था। बलजीत कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ साल बाद उसका जीजा रविकांत भी उसकी बहन को परेशान करने लगा था और उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान सुबह के समय रविकांत ने उसकी पत्नी के मोबाइल फोन पर एक वीडियो भेजा, जिसमें उसकी बहन के हाथ पर चोट लगी हुई दिखाई दे रही थी।
वीडियो मिलने के बाद बलजीत कुमार अपनी बहन को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या मारपीट करने और कोई जहरीली चीज निगलाने के कारण हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रविकांत और रोहित शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में आरोपी रविकांत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस की ओर से मामले की आगे की जांच की जा रही है।












