
मध्य प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ रसगुल्ला समझकर देसी बम चबाने से 35 वर्षीय युवक राजेंद्र बरौतिया की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि उसके दोस्त ने मजाक में उसे रसगुल्ला समझकर खाने के लिए यह बम दिया था। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, उसमें विस्फोट हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात करीब 8 बजे की है। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बताया कि राजेंद्र नामक युवक को उसके दोस्त ने रसगुल्ले जैसा दिखने वाला देसी बम खाने के लिए दिया था। राजेंद्र ने जैसे ही उसे चबाया, वह उसके मुंह में ही फट गया।

विस्फोट में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामभगत नाम के दोस्त ने पूछताछ में बताया है कि उसे यह देसी बम धर्मू नाम के व्यक्ति ने दिया था। पुलिस ने रामभगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












