Tuesday, October 20, 2026
Home Crime मेडिकल कॉलेज की संविदा नर्स की गला दबाकर की हत्या, बहन पर...

मेडिकल कॉलेज की संविदा नर्स की गला दबाकर की हत्या, बहन पर मुकदमा दर्ज, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

मेरठ (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेडिकल कॉलेज की एक संविदा नर्स की कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया के यह हत्या गला दबाकर की गई। पुलिस ने इस मामले में मेडिकल कॉलेज के एक वार्ड बॉय और उसकी बहन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी बहन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अंजलि शर्मा (25) के रूप में हुई है, जो मेडिकल कॉलेज में संविदा नर्स थीं। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने मायके में रह रही थीं। मेडिकल कॉलेज में कार्यरत वार्ड बॉय सूफियान से अंजलि की दोस्ती हो गई थी। सूफियान अविवाहित है और उसने करीब 5 महीने पहले ही मेडिकल कॉलेज में नौकरी शुरू की थी। हालांकि, पिछले 2 महीनों से वह काम पर नहीं जा रहा था।

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह अंजलि ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज जाने के बजाय वह सूफियान के घर पहुंची। आरोप है कि वहां सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर अंजलि की हत्या कर दी। इसके बाद अंजलि के शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग के बाहर छोड़ दिया गया, जहां के कर्मचारियों ने अंजलि की पहचान कर उसके परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।

नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने शुक्रवार को बताया कि अपराह्न करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि एक महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर साजिदा की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसके भाई सूफियान की संलिप्तता भी सामने आई है। भोसले ने कहा कि सूफियान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

हत्या के कारण के बारे में पूछे जाने पर नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी अंजलि शर्मा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि अंजलि इसके लिए तैयार नहीं थी। धर्मांतरण के पहलू पर पूछे गए सवाल के जवाब में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब तक की जांच में व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों में धर्मांतरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here