
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। अमृतसर के एमजीएम होटल के बाहर मामूली विवाद के दौरान बटाला के रहने वाले दो सगे भाईयों ने युवक पर तलवारों से हमला कर दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई। मृतक का पहचान विक्की कुमार निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। वहीं वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। एसीपी रविंदर पाल सिंह के मुताबिक, पुलिस को एमजीएम होटल के बाहर झगड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

फुटेज में विक्की और बटाला निवासी दोनों भाइयों के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दी। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर तलवारों से वार किए गए। उन्होंने बताया कि विवाद का असली कारण अभी पता नहीं चल पाया। मगर बताया जा रहा है कि मामूली बात को लेकर बहस हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तलवारें निकल आईं। फिलहाल झगड़े की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। एसीपी रविंदर पाल सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।












