
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर-जालना हाईवे पर यात्रियों को ले जा रही एक बस पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बस पुल से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में एक पुरुष यात्री की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिसकर्मियों ने बस की खिड़कियां तोड़ीं और अंदर फंसे कई यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।

इस हादसे के कारण छत्रपति संभाजीनगर-जालना हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया, क्योंकि क्षतिग्रस्त बस और मलबा सड़क पर आ गया था। भीड़भाड़ से बचने और यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने तुरंत उस हिस्से पर ‘वन-वे’ ट्रैफिक लागू कर दिया और वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर दिया। बाद में, दो क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को दुर्घटनास्थल से बाहर निकाला गया। बस को हटाने के बाद पुलिसकर्मियों ने सड़क साफ करने का काम किया। उन्होंने सड़क पर बिखरा मलबा और दुर्घटना में टूटे सेफ्टी बैरियर के टुकड़ों को हटाकर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया।












