Sunday, November 15, 2026
Home National पंखों की हवा और गिफ्ट के डिब्बों में छिपा था ‘नशे का...

पंखों की हवा और गिफ्ट के डिब्बों में छिपा था ‘नशे का खेल’, कैंटर चालक गिरफ्तार

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के नूंह में पुलिस ने अवैध शराब के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक कैंटर से अंग्रेजी शराब की 441 पेटियां बरामद की हैं, जिनमें कुल 5,292 बोतलें भरी हुई थीं। तस्कर इस भारी खेप को कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे ले जाने की फिराक में थे।  पुलिस ने कैंटर चालक रंजन कुमार झा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। शराब को कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे ले जाया जा रहा था।

Advertisements

पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को निरीक्षक विनोद कुमार प्रभारी सीआईए नूंह की टीम नूंह-सोहना रोड पर रेवासन स्थित केएमपी पुल के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर नीचे उतरने वाले कट के पास एक कैंटर खड़ा है, जिसमें खाली गत्ते की पेटियों के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर एक कैंटर खड़ा मिला। जिसका चालक केबिन में लेटा हुआ था। पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसकी पहचान रंजन कुमार झा निवासी जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई।

शुरुआत में चालक ने कैंटर में फैन, फ्लेक्सी पाइप और गिफ्ट पैकिंग बॉक्स भरे होने की बात कही तथा इसके समर्थन में बिल और ई-वे बिल भी दिखाए। हालांकि, गहन पूछताछ के दौरान उसने कैंटर में अवैध शराब होने की बात स्वीकार की। चालक के अनुसार उसे यह गाड़ी दिल्ली-कटरा हाईवे से मिली थी और अरविंद नामक व्यक्ति के निर्देश पर उसे लखनऊ तक लेकर जाना था। आगे गाड़ी कहां छोड़नी है, इसकी जानकारी बाद में देने की बात कही गई थी।

चालक ने यह भी बताया कि उससे केवल व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने आबकारी विभाग के निरीक्षक को सूचना दी और कैंटर की जांच की। सुरक्षा की दृष्टि से कैंटर को पुलिस लाइन नूंह लाया गया, जहां गाड़ी की तलाशी लेने पर शुरुआती हिस्से में फैन, फ्लेक्सी पाइप और गिफ्ट पैकिंग बॉक्स की पेटियां मिलीं, जबकि इनके पीछे बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट, सिग्नेचर और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की कुल 441 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 5,292 बोतल शराब शामिल हैं। इसके अलावा कैंटर में 37 छोटी और 28 बड़ी पेटियों में फैन, 15 पेटियों में फ्लेक्सी पाइप तथा 96 पेटियों में गिफ्ट पैकिंग बॉक्स भी मिले। चालक शराब से संबंधित कोई वैध परमिट के दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

आरोपी चालक रंजन कुमार झा के खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराने की कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अब अरविंद नामक व्यक्ति सहित इस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here