
असम (द स्टैलर न्यूज़)। असम में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास एक मिनीबस की कंटेनर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें करीब 26 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मिनीबस में सवार कई लोग कॉलेज के छात्र थे जो अपनी क्लास से लौट रहे थे। यह हादसा नेशनल हाईवे 715 पर हुआ, जब यात्री वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई। मिनीबस गोलाघाट से नागांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक ऊपरी असम की तरफ जा रहा था। बातचीत के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारे गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। 23 मृतकों की पहचान हो गई है।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैवलर वाहन बोकाखात से नगांव की ओर जा रहा था, जब काजीरंगा के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। वाहन में अधिकतर यात्री छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज में हुई। यह घटना रंगाजन क्षेत्र में हाथीकुली टी एस्टेट के पास हुई, जहां यात्रियों से भरी मिनी बस कंटेनर ट्रक से टकरा गई। प्रारंभिक रिपोर्ट में 15 लोगों के मौत की बात सामने आ रही थी। बाद में आकड़ा 20 पहुंचा और फिर खबर लिखे जाने तक यह आकड़ा 26 हो गया। प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।












