
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने पूरे अमेरिका में लागू ग्राउंड स्टॉप को हटा दिया है। कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कामकाज में रुकावट आई थी, जिसके चलते पूरे अमेरिका में विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगा दी गई थी। एफएए ने ईस्टर्न टाइम के अनुसार रात 8.15 बजे अमेरिकी एयरस्पेस को फिर से खोल दिया और उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हो सका। वहीं, डफी ने चेतावनी दी कि ग्राउंड स्टॉप हटाने का मतलब यह नहीं है कि सभी उड़ानें तुरंत उड़ान भर लेंगी। हालात सामान्य होने की प्रक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि एयरलाइंस के पास अपनी निर्धारित सेवाओं को संचालित करने के लिए पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट उपलब्ध हैं या नहीं। डफी ने कहा, “क्या इसका मतलब यह है कि अभी सारी उड़ानें तुरंत भर सकेंगी? इसमें समय लगेगा।” उन्होंने हवाई अड्डों पर मौजूद यात्रियों को सलाह दी कि वे सीधे अपनी एयरलाइनों से संपर्क करें।

उन्होंने आगे कहा, “अगर हमारे पास क्रू की क्षमता हुई तो हम आज रात ही ज्यादा से ज्यादा उड़ानों को रवाना करने की कोशिश करेंगे। अगर ऐसा नहीं हो पाता है तो हम कल सुबह अपनी एयरलाइन साझेदारों के साथ मिलकर इन विमानों को रवाना करने का काम शुरू करेंगे लेकिन आज दोपहर जो कुछ भी हुआ है उसे ठीक करने में हमें कुछ समय लगेगा।” घटनाओं के क्रम को समझाते हुए डफी ने बताया कि ईस्टर्न टाइम के अनुसार दोपहर 3:36 बजे देश भर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों और TRACON सुविधाओं में रडार और संचार प्रणालियों में अस्थिरता देखी गई। इस गड़बड़ी के कारण रडार डेटा में विसंगतियां आ गईं और कंट्रोलरों तथा विमानों के बीच संचार में दिक्कतें पैदा हो गईं।
इसके बाद एफएए ने सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमानों की उड़ानें रोकने का आदेश दिया। डफी ने बताया कि जब यह आदेश जारी किया गया तब 3,500 से अधिक विमान हवा में थे। इनमें से अधिकांश सुरक्षित रूप से उतर गए और उनके नवीनतम अपडेट के समय 400 से कम विमान ही हवा में बचे थे। उन्होंने कहा कि एफएए ने अपनी सभी रडार या TRACON क्षमताओं को नहीं खोया है लेकिन सिस्टम में अस्थिरता के कारण अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर उड़ानों के प्रस्थान (डिपार्चर) को रोक दिया। कुछ जरूरी कार्यों जैसे मेडिकल निकासी उड़ानों, महत्वपूर्ण दवाएं ले जाने वाली कार्गो सेवाओं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गतिविधियों को जारी रखने की अनुमति दी गई।












