Thursday, November 12, 2026
Home International सऊदी अरब में बिना शादी के मां बनने पर महिला को मिली...

सऊदी अरब में बिना शादी के मां बनने पर महिला को मिली 100 कोड़ों की सज़ा, पिता देश छोड़कर भागा

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने के मामले में केन्या की एक महिला को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। 40 वर्षीय एस्तेर वांजा मुथोनी पिछले एक साल से अपने छोटे बेटे अबूडी के साथ सऊदी अरब में फंसी हुई हैं। रियाद की एक अदालत ने अक्टूबर में उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहराया था। अब उन्हें 100 कोड़े मारने के साथ एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा भी सुनाई गई है। हालांकि, कोड़े मारने की सजा कब दी जाएगी, इसकी तारीख अभी सामने नहीं आई है। मुथोनी सऊदी अरब में महारा ह्यूमन रिसोर्सेज नाम की कंपनी के माध्यम से घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस्र के एक व्यक्ति महमूद से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और मुथोनी गर्भवती हो गईं। बाद में महमूद सऊदी अरब छोड़कर चला गया। अगस्त 2025 में मुथोनी ने कंपनी के कर्मचारियों के आवास में बेटे को जन्म दिया। उनकी सुपरवाइजर उन्हें अस्पताल लेकर गईं, जहां अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्चे के जन्म की जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

Advertisements

पूछताछ के दौरान मुथोनी ने बताया कि उनके बच्चे का पिता देश छोड़कर जा चुका है। इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई और अक्टूबर में अदालत ने उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहरा दिया। रिहा होने के बाद मुथोनी की मुश्किलें और बढ़ गईं। उन्हें कंपनी के कर्मचारियों के आवास में दोबारा रहने की अनुमति नहीं मिली। एक आश्रय गृह ने भी उन्हें रखने से इनकार कर दिया। उन्होंने केन्या के दूतावास से भी मदद मांगी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। आखिरकार वह अपने मासूम बेटे के साथ रियाद के एक पेट्रोल पंप पर रहने को मजबूर हो गईं। वहां कई अन्य प्रवासी महिलाएं भी अपने बच्चों के साथ अपने देश लौटने का इंतजार कर रही थीं। मुथोनी पिछले करीब एक साल से बेटे के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई और जरूरी दस्तावेजों की समस्या के कारण उनकी वापसी नहीं हो पा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here