
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले में एक शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। कुमारसेन उपमंडल के तहत नारकंडा क्षेत्र के झापुंडा में अस्थायी डेरे में रह रही 18 वर्षीय युवती पर कुल्हाड़ी से हमला कर दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपित ने युवती पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद से आरोपित फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि रात करीब 11:30 बजे वह अपने डेरे में अकेली थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति जबरन अंदर घुस आया। उसने पहले डराया-धमकाया और फिर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से उसकी दाहिनी कलाई पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपित ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। अंधेरा होने के कारण पीड़िता आरोपी का चेहरा नहीं देख सकी और वह मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद पीड़िता के मामा का नौकर वहां पहुंचा। उसने बताया कि रास्ते में दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की थी। अगले दिन सुबह पीड़िता के मामा के लौटने पर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नारकंडा की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 115(2), 351(2), 329(4) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। नारकंडा पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।












