
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। दिवाली का उपहार देकर लौट रहे भतीजे की आंखों के सामने उसके फूफा की एक्टिवा को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मारी, जिस कारण उनकी जान चली गई। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9 के डीएवी कट पर पीछे से आई सफेद स्विफ्ट डिजायर ने एक्टिवा सवार 50 वर्षीय रोहित कुमार को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगने के कारण उन्होंने जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रोहित कुमार घर के पास समोसे-पकौड़े की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजारा करते थे। मृतक की पहचान रोहित कुमार निवासी मकान नंबर 567, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9, मोहाली के रूप में हुई है। वह घर के पास ही समोसे और पकौड़े की रेहड़ी लगाते थे। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर डीएवी कट से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9 की तरफ मुड़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के भतीजे शुभम ने बताया कि वह 8 नवंबर को दिवाली का उपहार देने अपने फूफा रोहित कुमार के घर आया था। इसके बाद वह साइकिल से धनास, चंडीगढ़ लौट रहा था। दोपहर करीब 2:05 बजे जब वह डीएवी कट के पास पहुंचा तो उसने अपने फूफा को चंडीगढ़ की तरफ से एक्टिवा पर आते देखा। वह कट के दूसरी तरफ रुक गया। इसी दौरान रोहित कुमार इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9 की तरफ मुड़ने लगे तो पीछे से आई सफेद स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी एक्टिवा को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रोहित कुमार सड़क पर गिर गए। उनके सिर, बाईं बाजू और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। शुभम ने तुरंत उनके बेटे अमन को मौके पर बुलाया। इसके बाद राहगीरों की मदद से उन्हें जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ पहुंचाया गया, जहां उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। शाम करीब 6:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुभम के बयान के आधार पर थाना फेज-11 पुलिस ने सफेद स्विफ्ट डिजायर कार नंबर के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












