
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-8 से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। एक बार फिर ‘भरोसे’ के रिश्ते पर गहरी चोट लगी है। सेक्टर-8 में घरेलू सहायिका द्वारा कथित तौर पर खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर मकान मालकिन को बेहोश करने और घर से लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार होने की खबर सामने आई है। घटना कोठी नंबर-1124 की है। पीड़िता की पहचान 46 वर्षीय किरण मित्तल के रूप में हुई है। उन्हें बेहोशी की हालत में सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस को दिए बयान में किरण मित्तल ने बताया कि देर शाम खाना खाने के कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया तो घर से ज्वैलरी, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब था। घर में काम करने वाली महिला कुक भी मौके से लापता मिली। परिजनों ने उसी पर वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया है। जानकारी के अनुसार, किरण मित्तल इसी साल जनवरी में कनाडा से चंडीगढ़ लौटी थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य कनाडा में रहते हैं, जबकि उनके भाई-बहन पंचकूला के अमरावती एन्क्लेव में रहते हैं। बताया गया है कि करीब एक सप्ताह पहले ही उन्होंने गुम्मा नाम की महिला को घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा था। आरोप है कि संदिग्ध महिला ने देर शाम खाने में कोई जहरीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद किरण मित्तल बेहोश हो गईं और इसी दौरान घर से कीमती सामान लेकर महिला फरार हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।












