
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। लुधियाना के ईडब्ल्यूएस कॉलोनी कट के समीप बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने काम पर जा रहे 25-26 वर्षीय युवक विकास पर फायरिंग की। इस हमले में एक गोली सीधे युवक के पेट में जा लगी। गनीमत यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और लहूलुहान हालत में खुद ही अपनी एक्टिवा चलाकर सुरक्षित घर पहुंच गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने घायल की मां रीना के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा विकास, जिसकी उम्र करीब 25 से 26 वर्ष है, गत 14 नवंबर को अपने घर से एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर रोजमर्रा के कामकाज के लिए निकला था। जब विकास ईडब्ल्यूएस कॉलोनी वाले कट के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक तेज रफ्तार से आए और उन्होंने विकास की एक्टिवा के बराबर आकर उसे घेरकर रोक लिया। शिकायत के अनुसार, रास्ता रोकने के तुरंत बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे अज्ञात युवक ने जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में पकड़े अवैध हथियार से विकास पर सीधा फायर कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ईडब्ल्यूएस कॉलोनी कट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कार्यवाही जारी है।












