
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में अनियंत्रित ट्रक कार पर पलट गया।, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और पांच साल का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मूल रूप से राजस्थान निवासी दीपक जांगिड़ कई साल से पालम दिल्ली में रह रहे थे। वह अपनी पत्नी दिव्या, जीजा नितिन, बहन सरिता और पांच साल के भानजे अध्विक के साथ राजस्थान स्थित खाटू धाम के दर्शन करके दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उनकी हुंडई आई10 कार जब बनीपुर चौक से गुजर रही थी, तो उनके साथ चने की बोरियों से भरा ट्रक भी चल रहा था। अचानक ट्रक चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक उनकी कार पर पलट गया।

लोग मदद को दौड़े और कसौला थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत दो क्रेनों का इंतजाम कर ट्रक को हटाया। नीचे कार में फंसे लोगों को कटर की मदद से खिड़की काटकर बाहर निकला गया। उन्हें बावल के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक, दिव्या, नितिन और सरिता को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद हाईवे पर चने की बोरिया बिखर गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। ढाई घंटे तक चले बचाव कार्य के बाद हाईवे को चालू कराया गया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कसौला थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने कहा की ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।












