
जीरकपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में गर्दन कटी लाश मिली। जिसके बाद पार्क में सैर के लिए आए लोगों और पार्क के आसपास रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। गर्दन धड़ से अलग मिलने के कारण प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी नतीजे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब नौ बजे मिली। सैर के लिए आए लोगों में से किसी ने पुलिस को फोन किया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच की।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। नेचर पार्क के मुख्य गेट पर ताला भी नहीं लगा हुआ था। पार्क में हरियाणा की तरफ से आने का रास्ता है, जबकि पंचकूला की तरफ से भी यहां पहुंचा जा सकता है। ऐसे में पुलिस दोनों तरफ से पार्क में आने-जाने वाले रास्तों और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह तथा घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गर्दन किस तरह काटी गई और घटना के पीछे क्या कारण था।












