
तरनतारन (द स्टैलर न्यूज़)। विधानसभा हल्का श्री खडूर साहिब के गांव पखोपुर में गत रात दो युवकों की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। आज सुबह ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचित किया। बुधवार सुबह दोनों शवों को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी गई है। युवक परमिंदर सिंह इसी गांव से संबंधित है जबकि एक युवक गांव खारा का रहने वाला है, जिसका नाम बिल्ला सिंह बताया जा रहा है।

प्रथम जांच के मुताबिक, हत्या कहीं और की गई है, जिसके बाद शवों को गांव में फेंक दिया गया। पुलिस इस मले को लूटपाट के साथ जोड़कर भी देख रही है। दोनों युवकों की हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। इस मामले में डॉग स्कॉड की भी मदद ली जाएगी। फिलहाल, इस बाबत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों के भी बयान लिए गए हैं।












