
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिव सेना लॉयन पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी पंजाब प्रधान जावेद खान की अध्यक्षता में एस.पी.डी. नवनीत सिंह माहल से मुलाकात कर उन्हें भगवान भोलेनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जावेद खान ने कहा कि जब से नवनीत सिंह माहल ने एस.पी.डी. होशियारपुर का कार्यभार संभाला है तब से होशियारपुर की जनता उनकी कार्यप्रणाली से बहुत खुश है। आमतौर पर देखा जाता है कि जब कोई व्यक्ति पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज करवाता है तो उसकी शिकायत पर जल्दी कारवाई नहीं की जाती और उसे इंसाफ के लिए इधर उधर धक्के खाने पड़ते हैं। परन्तु जब भी कोई व्यक्ति इनके पास अपनी समस्या ले कर जाता है तो उसे पहल के आधार पर इंसाफ मिलता है।

इसी लिए शिव सेना लॉयन पार्टी ने आज इन्हें सम्मानित किया है। उन्होने आगे कहा कि होशियारपुर शहर को ऐसे और अधिकारियों की जरुरत है जो कि जनता की समस्याओं का हल तुरंत कर उन्हें इंसाफ दिला सकें। उन्होने कहा पुलिस थानों में सुनवाई न होने के कारण कई बार छोटी-छोटी बातें बढ़ जाती हैं और मामला हत्या तक पहुंच जाता है। जबकि अगर समय पर कारवाई हो जाये तो मामला वहीं खत्म हो सकता है और कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। इस अवसर पर जिला प्रधान मंधीर सिंह रिंका, जिला यूथ प्रधान दीपा, सिटी प्रधान सागर गिल, सीनियर नेता विनोद वर्मा, गांव सलेरन प्रधान सुरिंद्र सिंह आदि मौजूद थे।











