
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण में एक एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना के दो विमान आपस में टकर होने का समाचार है। सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में चार सैन्य पायलटों की जान चली गई है। फिलीपींस वायुसेना (पीएएफ) के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को बटांगस प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ। हादसे का शिकार हुए दोनों विमान SF-260 मॉडल के ट्रेनर एयरक्राफ्ट थे।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान भरते समय दोनों विमान हवा में ही आपस में टकरा गए। विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही गिरे, जिससे जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। हादसे के तुरंत बाद फिलीपींस वायुसेना ने अपने सभी SF-260 प्रशिक्षण विमानों के बेड़े की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक (ग्राउंड) लगा दी है। वायुसेना के अधिकारियों का कहना है कि जब तक दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे।











