
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने अमूल के दूध की कीमतों में करीब 4 से 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से देशभर के प्रमुख बाजारों में लागू होंगी। कंपनी के मुताबिक, अमूल के सबसे ज्यादा बिकने वाले वेरिएंट अमूल ताजा टोंड मिल्क (3 प्रतिशत फैट) की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह करीब 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, अमूल गोल्ड (6 प्रतिशत फैट) की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है, जो लगभग 5.5 प्रतिशत की वृद्धि है।

GCMMF के अनुसार, दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार इजाफा होना है। पिछले एक साल के दौरान हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली, मक्का और शीरे जैसे कच्चे माल की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत भी बढ़ी है। कंपनी ने बताया कि गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण पशुपालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में दूध उत्पादक किसानों को बेहतर कीमत देना जरूरी हो गया है।












