
फरीदाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। फरीदाबाद के कच्चा खेड़ी रोड सेंट्रल बैंक के पास कार हटाने के विवाद हो गया। जिसमें गोली चलने की खबर भी सामने आई है। भारत कॉलोनी के रहने वाले प्रिंस जांगड़ा और प्रशांत जांगड़ा को गोली लगी है। जानकारी के अनुसार, गोली चलाने का आरोप जसवंत नाम के युवक पर लगा है। बताया जा रहा है कि जसवंत का पिता दिल्ली पुलिस में एसआई है। दोनों युवकों की हालत गंभीर है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 9:20 बजे शिकायतकर्ता पीयूष अपने चचेरे भाई प्रशांत जांगड़ा, प्रिंस जांगड़ा और अन्य परिजनों के साथ प्रशांत की गाड़ी में सवार होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जब वे कच्चा खेड़ी रोड पर भारत कॉलोनी के सामने पहुंचे तो रास्ते में एक ब्रेजा कार खड़ी हुई थी। उन्होंने कार चालक से गाड़ी साइड में करने को कहा, लेकिन उसने रास्ता नहीं दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि ब्रेजा कार चालक ने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे लगा दी और नीचे उतरकर गाली-गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता पक्ष ने जब विरोध किया तो आरोपी ने खुद को जसवंत बताते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि जसवंत ने कहा कि वह उन्हें गोली मार देगा। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कई गोलियां चलाईं। इस दौरान प्रशांत और प्रिंस को गोली लगी। पीड़ित पक्ष ने किसी तरह अपनी जान बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने दोबारा भी पिस्टल से फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल प्रशांत और प्रिंस को उपचार के लिए एशियन अस्पताल सेक्टर-21ए ले जाया गया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी जसवंत के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।












