
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। देश छोड़कर भागने की फिराक में दो कुख्यात गैंगस्टरों को पुलिस द्वारा पड़के जाने का समाचार है। मुंबई पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर मिशन को अंजाम दिया और उन्हें मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ने में सफलता हासिल की। गैंगस्टरों की पहचान जसवंत सिंह जस्सा व करन कीड़ा के रुप में हुई है।

दोनों पर फिरौती मांगने, डराने-धमकाने तथा हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नकली दस्तावेज बनाकर देश छोड़ने की फिराक में थे। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस को मिली उसने एक आप्रेशन के तहत उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार करन कीड़ा पंजाब में एक अकाली पार्षद की दिन दिहाड़े की गई हत्या के मामले में वांछित था, जबकि जस्सा बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ था तथा उस पर फिरौती मांगने एवं हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज थे। पंजाब पुलिस काफी समय से इनकी तलाश कर रही थी।
पंजाब पुलिस की टीम उन्हें पंजाब लाने के लिए रवाना हो गई है तथा मुंबई पुलिस द्वारा उन्हें कोर्ट में पेश कर उनका रिमांड लिया जाएगा ताकि और जानकारियां हासिल की जा सकें। पुलिस के अनुसार पूछताछ में और भी कई खुलासे होने की संभावना है।












