Sunday, November 22, 2026
Home Crime श्रीनगर के लाल बाजार में अजान दे रहे मुअज्जिन मोहम्मद हाशिम खानाना...

श्रीनगर के लाल बाजार में अजान दे रहे मुअज्जिन मोहम्मद हाशिम खानाना पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)।  श्रीनगर के लाल बाजार इलाके में शुक्रवार को मस्जिद में अजान दे रहे 72 वर्षीय मुअज्जिन पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गभीर है। पुलिस ने मामले में आरोपित को काबू कर लिया है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान लाल बाजार की उमर कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाशिम खानाना (72) पुत्र स्वर्गीय गुलाम मोहिउद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को बोटा शाह मोहल्ला स्थित मस्जिद चारयार में अजान दे रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने कथित तौर पर पीछे से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

Advertisements

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बावजूद मुअज्जिन ने हिम्मत नहीं हारी और मस्जिद के लाउडस्पीकर के जरिये मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मस्जिद की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें मस्जिद परिसर में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर ने घायल मुअज्जिन को मस्जिद के मुख्य द्वार की ओर घसीटने का भी प्रयास किया। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही लाल बाजार थाना पुलिस सक्रिय हुआ। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और महज 20 मिनट के भीतर कथित हमलावर को पकड़ लिया।

पुलिस ने हमले के आरोपित की पहचान यासिर लतीफ फाजली के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग मुअज्जिन पर हमला क्यों किया गया और वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here