
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। 26वीं पैरा नेशनल तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन 12 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक भोपाल में किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पंजाब के पैरा तैराक खिलाड़ी कपिल देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि से पंजाब सहित जिला होशियारपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी सुरजीत सिंह ने खिलाड़ी को बधाई देते हुए कहा कि कपिल देव की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य युवाओं, विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जिला खेल विभाग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयासरत है।
तैराकी कोच नितेश ठाकुर ने बताया कि कपिल देव ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले वर्ष 2025-26 में हैदराबाद में आयोजित पैरा नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर मेडल जीते थे। उन्होंने बताया कि कपिल देव पंजाब के पहले ऐसे पैरा तैराक खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पैरा नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर पंजाब को गौरवान्वित किया। उनकी लगातार उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।












