
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम के भक्तों के लिए हर्ष एवं उल्लास का विशेष अवसर आने जा रहा है। श्री खाटू श्याम जी का पावन जन्मोत्सव 20 नवंबर 2026, दिन शुक्रवार को श्री खाटू श्याम मंदिर, संतोख नगर, नजदीक शिवम हॉस्पिटल, होशियारपुर में बड़ी श्रद्धा, भक्ति एवं धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पंडित प्रदीप शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर पंजाब के सुप्रसिद्ध भजन गायक दीपक सरगम अपनी मधुर एवं भावपूर्ण आवाज़ में बाबा खाटू श्याम जी का गुणगान करेंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत मनमोहक श्याम भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय होगा और श्रद्धालु बाबा की भक्ति के रंग में सराबोर होंगे। इस पावन अवसर पर शाम रसोई (भंडारे) का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। शाम 08:00 बजे से शुरू होने वाली शाम रसोई बाबा श्याम की इच्छा तक निरंतर चलती रहेगी, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
पंडित प्रदीप शर्मा ने बताया कि बाबा श्याम का दरबार श्रद्धा, विश्वास और प्रेम का प्रतीक है। बाबा के जन्मोत्सव पर आयोजित यह धार्मिक समारोह श्याम प्रेमियों के लिए आध्यात्मिक आनंद एवं प्रभु भक्ति से जुड़ने का विशेष अवसर होगा। मंदिर प्रबंधक कार्यकारिणी एवं समस्त सेवादारों की ओर से सभी श्याम प्रेमियों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से हार्दिक अपील की गई है कि वे अपने परिवारजनों एवं मित्रों सहित इस पावन जन्मोत्सव में सपरिवार शामिल होकर बाबा खाटू श्याम जी का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें तथा भजन संध्या और शाम रसोई की शोभा बढ़ाएं।











