Wednesday, November 18, 2026
Home Jammu & Kashmir मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, सरेंडर से किया था इनकार

मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, सरेंडर से किया था इनकार

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया था, लेकिन उसने इनकार कर दिया। उसने कथित तौर पर कहा था, ‘मैं अल्लाह से मिलना चाहता हूं। मैं खुश हूं। मैं अल्लाह से भी मिलूंगा।’ सुरक्षाबलों के एक जवान ने बातचीत के दौरान लतीफ भट से आत्मसमर्पण करने की अपील की थी और भरोसा दिलाया था कि वे उसके साथ हैं। हालांकि, उसने इस पेशकश को ठुकरा दिया। इसके बाद जंगलपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी रही, जिसमें लतीफ भट मारा गया। पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद बुधवार तड़के तलाशी अभियान शुरू किया था।

Advertisements

इस दौरान संदिग्ध ठिकाने की ओर सुरक्षाबलों के बढ़ने पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कुलगाम में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू होने की पुष्टि की थी। दक्षिण कश्मीर में सीआरपीएफ जवानों पर अखरान में हुए हमले के बाद आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिए गए हैं। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। इसी सिलसिले में सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में लतीफ भट का करीबी सहयोगी उमर निसार डार मारा गया था। हालांकि, उस समय लतीफ भट भागने में कामयाब रहा था। पुलिस ने आरोप लगाया था कि लतीफ भट और उमर निसार डार अखरान में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। लतीफ भट घाटी के सबसे वांछित स्थानीय आतंकवादियों में शामिल था और उस पर कई हमलों में संलिप्त होने का आरोप था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here