
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027-28 का आयोजन 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को जिला होशियारपुर में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट आशिका जैन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 28 नवंबर 2026 के लिए लागू रहेगा।

जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षाओं के दौरान अक्सर परीक्षार्थियों के रिश्तेदार एवं अन्य व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के आसपास एकत्र हो जाते हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं मर्यादा प्रभावित हो सकती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उक्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, संबंधित परीक्षा केंद्रों वाले शिक्षण संस्थानों में 28 नवंबर को एक दिन की छुट्टी भी घोषित की गई है।
ज़िला मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में होशियारपुर शहर के पार्वती देवी आर्य महिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल, सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे मंडी तथा विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा कल्लर खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरियाना, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल माहिलपुर (लड़के), सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गढ़शंकर, दोआबा पब्लिक स्कूल पारोवाल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल टांडा उड़मुड़ (लड़के), सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल दसूहा, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लमीन, दशमेश पब्लिक स्कूल चक्क अल्लाबख्श, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हाजीपुर, एसडी सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल तलवाड़ा तथा सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल तलवाड़ा सेक्टर-3 में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।












