
बांग्लादेश (द स्टैलर न्यूज़)। बांग्लादेश में हालात दिन-प्रतिदिन बेकाबू होते जा रहे है। गुरुवार को अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के घर को आग के हवाले किए जाने के बाद शुक्रवार को विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास पर पेट्रोल बम से हमला कर आग लगा दी गई। लगातार दूसरे दिन बड़े राजनीतिक चेहरों के घरों को निशाना बनाए जाने से देश में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शेख हसीना की संभावित वापसी, अवामी लीग के देशव्यापी बंद और हिंसक प्रदर्शनों के बीच बांग्लादेश के कई जिलों में आगजनी और तोड़फोड़ जारी है। सरकार ने सात जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है, जबकि ढाका में 107 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हुमायूं कबीर ने इस हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पार्टी को आतंकवादी संगठन बताते हुए कहा कि हिंसा के जरिए दिल्ली से किसी भगोड़े को व्यावसायिक विमान से बांग्लादेश वापस नहीं लाया जा सकता। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत ही रास्ता अपनाना होगा।

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। बांग्लादेश में यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब देश के कई हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के घर को आग लगा दी। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को एक रैली में अवामी लीग पर देश में हिंसा फैलाने और साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 16 साल तक जबरन सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर भागे लोग अब सीमा पार से बांग्लादेश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। रहमान ने अप्रत्यक्षक तौर पर भारत पर उंगली उठाते हुए कहा, “वे जिस देश में भागकर गए हैं, वहीं उनके आका हैं। उन्हें खुश करने के लिए वे बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। देश छोड़ने के बाद भी उन्होंने आगजनी और लोगों की हत्या करने की राजनीति बंद नहीं की है।” उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है।












