Sunday, November 22, 2026
Home Latest जम्मू में बस स्टैंड के पास मिला फौजी का शव, चेहरे के...

जम्मू में बस स्टैंड के पास मिला फौजी का शव, चेहरे के निशानों ने खड़े किए बड़े सवाल

जम्मू (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू के बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शनिवार को वहां एक सैन्यकर्मी का शव बरामद हुआ। मृतक जवान की शिनाख्त 31 वर्षीय संजीत कुमार के तौर पर हुई है। संजीत पंजाब के गुरदासपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे और इन दिनों छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संजीत कुमार निवासी धार रामबन को परिवार की ओर से किसी काम के सिलसिले में घर के पास बुलाया गया था। इसके बाद वह वहां से निकले थे। बाद में उनका शव जम्मू बस स्टैंड इलाके में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू के शवगृह पहुंचाया।

Advertisements

परिवार की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई है कि जवान के चेहरे पर कुछ निशान भी दिखाई दिए हैं। ये निशान किन परिस्थितियों में आए, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस बस स्टैंड इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि जवान की गतिविधियों और मौत से पहले की घटनाओं का पता लगाया जा सके। बस स्टैंड थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर मामले की जांच कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल जवान की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here