
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक लड़की मेहंदी के पैसे लेने के बहाने किशोरी को अपने साथ ले गई और बाईपास के पास सुनसान इलाके में पहुंचा दिया। वहां पहले से मौजूद युवकों ने उसे झाड़ियों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियों मुकेश और सोनू को गिरफ्तार किया है। बरवाला थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां मंजू ने 20 नवंबर को शिकायत दी थी।

शिकायत में बताया गया कि 19 नवंबर की शाम करीब छह बजे पड़ोस में रहने वाली एक लड़की उसकी 17 वर्षीय बेटी को मेहंदी के पैसे लेने के बहाने अपने साथ ले गई थी। इसके बाद वह उसे बरवाला बाईपास की तरफ एक सुनसान जगह पर ले गई, जहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। आरोप है कि युवकों ने किशोरी को झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की जांच कर रही पीएसआई सीमा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद बरवाला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मुकेश और सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।










