
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर में बढ़ रहे आवारा कुत्तों के आतंक को रोकने के लिए न तो नगर निगम के पास कोई ठोस योजना है और न ही प्रदेश सरकार द्वारा ही कोई कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि सरकार द्वारा पालतू एवं आवारा कुत्तों के काटने पर जुर्माना एवं मुआवजे का प्रावधान करके अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री तो कर दी गई थी, लेकिन कुत्तों के आतंक का सामना आम लोगों को करना पड़ रहा है। जिसके चलते रोजाना कई लोग कुत्तों के काटने का शिकरा हो रहे हैं।

ताजा जानकारी अनुसार आज सुबह शहर के नई आबादी इलाके में पड़ते घईयां मोहल्ले में मंदिर के पास खड़े एक बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों ने हमला करके उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने तुरंत उपचार शुरु कर दिया था। जानकारी देते हुए सुभाष चंद्र उम्र करीब 72 साल ने बताया कि वह मंदिर के पास खड़े तो अचानक दो-तीन कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह से काट खाया। इस दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें कुत्तों से बचाया। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। कुत्तों ने उन्हें टांग व बाजू के अलावा एक कान को बुरी तरह से काट खाया है। पता चला है कि आवारा कुत्तों का आतंक दिन ब दिन बढ़ रहा है और कुत्तों ने एक व्यक्ति को कमेटी बाजार में तथा एक व्यक्ति को उस समय काटा जब वह दूसरे को कुत्ते से बचा रहा था तथा एक बच्ची को वकीलां बाजार में भी काटने की खबर है। जिस संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।












