Wednesday, October 21, 2026
Home Chandigarh 15,000 रिश्वत लेते पंचायत सचिव विजीलेंस ब्यूरो द्वारा काबू, बीडीपीओ मौके से...

15,000 रिश्वत लेते पंचायत सचिव विजीलेंस ब्यूरो द्वारा काबू, बीडीपीओ मौके से फरार

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने आज कपूरथला जिले के गांव झल्ल बींबड़ी के पंचायत सचिव परमजीत सिंह को 15,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले का सह-आरोपी, कपूरथला का ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बी.डी.पी.ओ.) हरदयाल सिंह गिरफ्तारी से बचकर मौके से फरार होने में सफल हो गया। पंजाब विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी गांव झल्ल बींबड़ी के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बी.डी.पी.ओ. और पंचायत सचिव दोनों ने गांव की एक गली के निर्माण से संबंधित लागत का भुगतान करने के लिए बैंक चेक जारी करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

Advertisements

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद, विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और पंचायत सचिव को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया, जबकि बी.डी.पी.ओ. गिरफ्तारी से बचकर मौके से फरार हो गया। प्रवक्ता ने आगे बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विजीलेंस ब्यूरो पुलिस थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार पंचायत सचिव को कल अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here