
मोहाली (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के सरकारी स्कूलों में चलने वाली दोपहर के भोजन की योजना को लेकर शिक्षा विभाग ने अहम निर्देश जारी किए हैं। राज्य के सभी स्कूलों में अब ‘मिड-डे मील’ को आधिकारिक तौर पर ‘पीएम पोषण’ के नाम से जाना जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा, पंजाब द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह बदलाव भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियों को इस संबंध में सख्त हिदायतें दी गई हैं।

नए आदेशों के तहत स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि भविष्य में सभी सरकारी पत्र-व्यवहार, स्कूल रिकॉर्ड, रजिस्टरों और मासिक रिपोर्टों में ‘मिड-डे मील’ शब्द का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया जाए। इसकी जगह विभागीय स्तर पर केवल ‘पीएम पोषण’ नाम का उपयोग करना ही अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, स्कूलों के परिसरों में लगे पुराने सूचना बोर्डों को भी तुरंत अपडेट करने के आदेश दिए गए हैं। इन सभी बोर्डों पर अब नया नाम ‘पीएम पोषण’ ही अंकित होना चाहिए। मोहाली स्थित कार्यालय से जारी इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने और इनकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।












