Saturday, October 31, 2026
Home Chandigarh पंजाब के नाम एक और उपलब्धि: गुरदासपुर के गाँव पेरोशाह को मिलेगा...

पंजाब के नाम एक और उपलब्धि: गुरदासपुर के गाँव पेरोशाह को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। जल आपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने बताया कि 4 मार्च को गुरदासपुर जि़ले के गाँव पेरोशाह को देश के राष्ट्रपति और जल शक्ति मंत्री द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार ‘स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023’ से सम्मानित किया जाएगा।  
यह पुरस्कार गाँव की सरपंच हरजिन्दर कौर को गाँव में स्वच्छता की शानदार सुविधाएँ मुहैया करवाने के लिए दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के संदर्भ में यह पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जा रहा है जिन्होंने जल आपूर्ति एवं स्वच्छता के क्षेत्र में बेमिसाल कार्य किया है। जिम्पा ने गाँव पेरोशाह के समूह निवासियों को यह राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर बधाईयाँ दी हैं।  
जिम्पा ने बताया कि पंजाब सरकार के सहयोग से गाँव पेरोशाह ने गंदे पानी और कूड़ा कर्कट का सुचारू रूप से प्रबंधन कर राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का सपना है कि पंजाब का हरेक गाँव एक मॉडल गाँव हो और वहाँ साफ़-सफ़ाई का ख़ास ध्यान रखा जाए। इस मकसद की पूर्ति के लिए जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग दिन-रात मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य को रंगला पंजाब बनाने के लिए पंजाब सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इस मंतव्य को पूरा करने के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि गाँव पेरोशाह बटाला के नज़दीक श्री हरगोबिन्दपुर ब्लॉक में पड़ता है। गाँव-वासियों द्वारा गंदे पानी को थापर तकनीक का प्रयोग कर साफ़ किया जा रहा है और इसका प्रयोग सिंचाई के लिए किया जा रहा है। कठिन समय में यह पानी गाँव-वासियों की अन्य ज़रूरतों के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा गाँव में ही कूड़े से खाद तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय पुरस्कार की उपलब्धि पर गाँव पेरोशाह की सरपंच हरजिन्दर कौर ने ख़ुशी का इज़हार किया है। उन्होंने कहा कि गाँवों को साफ़-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए अन्य गाँवों को भी पंजाब सरकार की सहायता के साथ ऐसे प्रोजैक्ट स्थापित करने के लिए आगे आना चाहिए।  
जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के प्रमुख सचिव डी.के. तिवाड़ी और विभाग प्रमुख मोहम्मद इशफाक ने कहा कि गाँव पेरोशाह को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से पंजाब के अन्य गाँव भी गंदे पानी और कूड़ा-कर्कट के सुचारू रूप से प्रबंधन के लिए प्रेरित होंगे। 

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here