71 वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 24 से 26 नवंबर तक

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: मुक्ता वालिया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के नेतृत्व में तीन-दिवसीय 71 वाँ वार्षिक निरंकारी संत समागम 24 से 26 नवंबर 2018 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष पहली बार यह समागम संत निरंकारी मिशन की अपनी भूमि संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल जी.टी. रोड, समालखा में आयोजित किया जा रहा है, जो कि 600 एकड़ से भी अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। मुख्य सतसंग पंडाल में 2 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। समागम स्थल पर सतसंग पंडाल के पीछे 4 प्रदर्शनियां लगाई जा रही हैं।

Advertisements

इनमें से मुख्य निरंकारी प्रदर्शनी का एक बहुत बड़ा भाग सदगुरू माता सविंदर हरदेव जी महाराज के जीवन एवं शिक्षाओं के प्रति समर्पित रहेगा। इसके अतिरिक्त यह प्रदर्शनी मिशन के इतिहास के साथ-साथ समागम, सदगुरु की भारत तथा दूर देशों की कल्याण यात्राओं तथा समाज कल्याण की गतिविधियों को दर्शाएगी। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा अपनी गतिविधियों को दुर्लभ मॉडलों तथा फोटो द्वारा एक अलग प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया जाएगा। गत वर्षों की भांति मिशन की चंडीगढ़ शाखा द्वारा बाल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी बच्चों के द्वारा मॉडल तथा एनीमेशन के आधार पर तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य मिशन के सिद्धांतों को बच्चों के दृृष्टिकोण से प्रदर्शित करना है। पत्रिका विभाग भी नए सदस्यों के पंजीकरण के लिए अपना कार्यालय समागम स्थल पर स्थापित करेगा। इस अवसर पर पत्रिका विभाग द्वारा एक विशेष स्मारिका भी प्रकाशित की जा रही है जिसका शीर्षक है मर्यादा।

इसमें हिन्दी, पंजाबी और अंग्रेजी भाषाओं में लेख शामिल किए जाएंगे। इस वर्ष निरंकारी संत समागम मिशन के पूर्व सदगुरु माता सविंदर हरदेव जी के जीवन व उनकी शिक्षाओं को समर्पित रहेगा। समागम के प्रथम दिवस का सत्संग कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से आरंभ हो कर सायं 8 बजे सदगुरू माता जी के आशीर्वचनों के साथ सम्पन्न होगा। दूसरे दिन का कार्यक्रम मुख्य होगा सेवादल रैली जिसका समय प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। इस रैली में सेवादल के देश व दूर देशों से आए हजारों पुरूष तथा महिलाएं भाग लेंगी। सेवादल रैली के उपरांत सतसंग कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से सायं 8 बजे तक चलेगा तथा सदगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के प्रवचनों के साथ सम्पन्न होगा। अंतिम दिवस का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से सायं 8:30 बजे तक होगा जिसमें 3 से 5 बजे तक एक बहुभाषीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें करीब 30 कवि महात्मा अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here