अधिकारियों और राजनेताओं के घरों में ड्यूटी बजाने वाले समस्त कर्मियों को वापस बुलाया जाए: विधायक अरोड़ा

-विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा ने नगर निगम के अधिकारियों को जारी किए निर्देश-
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए सबसे पहले उन कर्मियों को तुरंत वापस बुलाया जाए जो अपनी ड्यूटी के स्थान पर राजनेताओं व अधिकारियों के घरों में ड्यूटी बजाते हैं। भले ही वह पक्के कर्मी हों या कच्चे कर्मचारी। उक्त निर्देश विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्हें दिए। विधायक अरोड़ा ने कहा कि शहर निवासी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं और कर्मचारी अपनी ड्यूटी के स्थान पर अधिकारियों और राजनेताओं के घरों में उनकी सेवा करके अपने फर्ज की इतिश्री कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में तर्कसंगत नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था, वार्डों में चल रहे विकास कार्य तथा अन्य विकास कार्यों के प्रति किसी तरह की कौताही बर्दश्त नहीं की जाएगी। विधायक अरोड़ा ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस कर्मचारी को जिस काम के लिए भर्ती किया गया है उन्हें वही काम दिया जाए ताकि वे अपने काम को पूरी निष्ठा से कर सकें और जनता का विश्वास निगम के प्रति सुदृढ़ हो सके। इस मौके पर ई.ओ. रमेश कुमार की अगुवाई में विधायक अरोड़ा का स्वागत करने पहुंचे अधिकारियों व कर्मियों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि नगर निगम में जनता को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर अशोक सूद हैप्पी, एडवोकेट धरमिंदर दादरा सहित अन्य कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here