होशियारपुर पहुंचे केन्द्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश का किसानों ने जताया विरोध, पुलिस ने सुरक्षा के किए थे पुख्ता प्रबंध

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। केन्द्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश आज शास्त्री मार्किट होशियारपुर स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक करने पहुंचे। इसका पता चलते ही संयुक्त किसान मोर्चा व अन्य संगठनों के कार्यकर्ता उनका विरोध करने के लिए वहां पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने कार्यालय पहुंचने के सभी रास्ते बंद किए हुए थे, फिर भी किसान बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए और उन्होंने सोम प्रकाश का जमकर विरोध किया। इस दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। बैठक के उपरांत पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए सोम प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का व विरोध करने का हक है। उन्होंने कहा कि वे यहां से एमपी हैं व केन्द्र में राज्य मंत्री हैं तथा किसानों की बात सरकार से भी करते हैं और अपनी बात किसानों को भी बताते हैं। सोमप्रकाश ने कहा कि धीरे-धीरे सब ठीक होगा। क्योंकि, कई बिन्दुओं पर किसानों ने भी सहमति जताई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसानों के साथ कौन सा जंग चल रही है, किसान रोष प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार ने उन्हें बहुत सारे ऑफर दिए हैं तथा बातचीत से ही इस मसले का हल निकलेगा और जल्द ही बातचीत से ही इसे निपटाया जाएगा।

Advertisements

दूसरी तरफ संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एकत्रित हुए किसानों एवं मजदूरों ने समप्रकाश और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जहां भी भाजपा नेता जाएंगे उनका इसी प्रकार विरोध किया जाएगा। इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार किसानों के मसलों का हल नहीं कर रही है तथा वे पंजाब के लोगों का गुस्सा भडक़ा रहे हैं। पंजाब के लोग और किसी बात में उलझें और दिल्ली वाला मोर्चा कमजोर हो जाए। लेकिन वे ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सीधी केन्द्र के साथ है और वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते रहेंगे। इसीलिए आज केन्द्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश का होशियारपुर आने का पता चलते ही किसान और मजदूर पूरी एकता के साथ उनका विरोध करने यहां पहुंचे हैं।

नेताओं ने कहा कि गत दिवस किसान बिलों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से दी गई बंद की कॉल को पंजाब वासियों का भरपूर समर्थन मिला था और गत दिवस होशियारपुर आए लालपुरा का भी विरोध किया गया था और आज सोम प्रकाश का विरोध करने यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सोम प्रकाश दिल्ली जाएं और सरकार से बात करें। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग किसान-मजदूरों के साथ खड़े हैं और यह विरोध जारी रहेगा। हालांकि पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे, लेकिन फिर भी स्थिति को संभालने में पुलिस के खासे पसीने छूटे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here