Friday, October 30, 2026
Home Hoshiarpur बच्चों को मानव सेवी मूल्यों से जोडऩे हेतु सांझी रसोई में अन्नदान...

बच्चों को मानव सेवी मूल्यों से जोडऩे हेतु सांझी रसोई में अन्नदान करें: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हमारे धार्मिक ग्रंथ एवं शास्त्र हमें अन्नदान की शिक्षा देते हैं और इस दान को सबसे उत्तम दान माना गया है। इसलिए हमें अपने खुशी के मौकों पर अन्नदान करके किसी भूखे का पेट भरने का प्रयास करना चाहिए। जिस प्रकार प्रकृति के प्रति फर्ज को निभाते हुए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए, उसी प्रकार भूखों को अन्नदान हेतु भी आगे आना चाहिए। यह विचार भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रमुख समाज सेवी संजीव अरोड़ा ने भाविप सदस्य नरिंदर भाटिया द्वारा अपने पौत्र नित्यम का जन्मदिन सांझी रसोई में मनाए जाने दौरान व्यक्त किए। श्री अरोड़ा ने कहा कि जिला प्रशासन और रैडक्रास सोसायटी की तरफ से यह बहुत ही सराहनीय प्रयास शुरु किया गया है और मात्र 10 रुपये में गरीब एवं जरुरतमंद लोगों को भर पेट खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस मानव सेवा रुपी यज्ञ में हम सभी को योगदान डालना चाहिए ताकि यह सेवा निर्विघ्न जारी रहे। श्री अरोड़ा ने भाटिया परिवार की तरफ से नित्यम का जन्मदिन की खुशी सांझी रसोई में मनाने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह कदम बच्चे में सेवा कार्यों से जुडऩे के गुण भरेगी। इस अवसर पर रैडक्रास सोसायटी ने केक काटकर नित्यम को जन्मदिन की बधाई दी।

Advertisements

रैडक्रास सोसायटी के एग्जिक्यूटिव सदस्य राजीव बजाज ने भाविप और भाटिया परिवार को नित्यम के जन्मदिन की बधाई देते हुए प्रोजैक्ट संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सांझी रसोई में रोजाना 300 से 400 लोग खाना खाने आते हैं और मात्र 10 रुपये में भरपेट खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिलाधीश संदीप हंस की अगवाई एवं मार्गदर्शन में सोसायटी के सचिव नरेश गुप्ता द्वारा समस्त सदस्यों एवं स्टाफ के सहयोग से सांझी रसोई का कार्य बड़ी कुशलता से चलाया जा रहा है ताकि जरुरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। यह सब कुछ शहर निवासियों एवं दानी सज्जनों के सहयोग से ही संभव हो पाया है। श्री बजाज ने कहा कि भारत विकास परिषद के अध्यक्ष संजीव अरोड़ा एवं इनकी सहयोगी संस्थाओं द्वारा सांझी रसोई को काफी सहयोग दिया जा रहा है, जिसके लिए सोसायटी इनकी सदैव आभारी रहेगी।

इस मौके पर रैडक्रास सोसायटी ने भाटिया परिवार को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर नरिंदर भाटिया ने कहा कि उन्हें यहां आकर काफी खुशी मिली है और भविष्य में भी वह बच्चों के जन्मदिन सांझी रसोई के साथ सांझा करेंगे। इस मौके पर नरिंदर भाटिया व उनकी पत्नी कांता भाटिया, इशांत भाटिया, शिवानी भाटिया, मानसी भाटिया, नवया भाटिया, वृंदा भाटिया, निष्ठा भाटिया, मानव भाटिया, भाविप के सचिव राजिंदर मोदगिल एवं  रैडक्रास सोसायटी की तरफ से करमजीत कौर आहलुवालिया एवं सरबजीत आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here