Monday, November 2, 2026
Home Himachal भारत संकल्प यात्रा में शामिल हो धूमल ले रहे हर विधानसभा क्षेत्र...

भारत संकल्प यात्रा में शामिल हो धूमल ले रहे हर विधानसभा क्षेत्र का जायजा

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । विकसित भारत संकल्प यात्रा  जहां मोदी सरकार की जनकल्याण की नीतियों को हर घर पहुंचाने का एक माध्यम बनी है , वहीं इसी बहाने पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल हर विधान सभा क्षेत्र में लोगों के बीच सीधा संवाद कर रहे हैं। बात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के उन 17 विधानसभा क्षेत्रों की है जहां से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को 2024 में चुनाव लड़ना है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अभी केवल 5 विस  सीटों पर भाजपा का कब्जा है जबकि कांग्रेस 10 और निर्दलीय 2 विधानसभा क्षेत्रों में कब्जा  किए हुए है।  ऐसे में पूर्व सीएम स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं।

Advertisements

हर विधानसभा क्षेत्र में धूमल स्वयं पहुंच लोगों से मिल रहे हैं और पूछ रहे हैं कि मोदी सरकार की जनकल्याण स्कीमों से कोई वंचित तो नहीं रह गया। धूमल के भाषणों के बीच भारत माता की जय के नारे जनसभाओं में नया जोश भर रहे हैं। धूमल के  भाषणों की खासियत यह है कि  लोग उनकी बात को ध्यान से सुनते हैं और मोदी और भाजपा के प्रति संकल्प को फिर से दोहराते भी हैं। यह सारे संकेत बताते हैं कि लोगों का धूमल की मौजूदगी में  अनुराग ठाकुर को  दिल से समर्थन मिल रहा है क्योंकि लोगों का मानना है कि केंद्र में मोदी का रहना जरूरी है जिसके लिए अनुराग ठाकुर को जिताना भी जरूरी है।

धूमल का कहना है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के चार उद्देश्य हैं. पहला- उन वंचित  लोगों तक पहुंचना जो विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हैं लेकिन अभी तक लाभ नहीं उठाया है. दूसरा- योजनाओं के बारे में जानकारी का प्रसार और जागरूकता पैदा करना. तीसरा- सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ उनकी व्यक्तिगत कहानियों और अनुभव साझा करने के माध्यम से बातचीत और चौथा- यात्रा के दौरान पता लगाए गए विवरण के माध्यम से संभावित लाभार्थियों का नामांकन करना। यानी की लाभ लेने से छूट गए वंचित लेकिन पात्र लोगों को इन योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका आवेदन पत्र तो भरवाया ही जा रहा है और साथ में ही योजनाओं की सफलता की कहानी लाभार्थियों की अपनी जुबानी सबको पता चल रही है। 

प्रेम कुमार धूमल के मुताबिक मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में सबसे न्यूनतम स्तर पर शुरुआत कर सबसे पहले रोजमर्रा की मूलभूत सुविधाओं तक गरीब वंचित कमजोर वर्ग की पहुंच बनाने के लिए योजनाएं शुरू की। आवास योजना गरीब कल्याण अन्न योजना उज्ज्वला योजना हर घर नल योजना शौचालय योजना और आयुष्मान भारत योजना इत्यादि जैसी इनमें प्रमुख है। उसके बाद उनके जीवन को  समृद्ध और संपन्न बनाने के लिए योजनाएं चलाई आत्मनिर्भर भारत मुद्रा योजना जनधन योजना सुरक्षा बीमा योजना जीवन ज्योति बीमा योजना पेंशन योजना स्वनिधि योजना इत्यादि इनमें प्रमुख हैं।

जनसभा में लोगों को  आह्वान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल कहते हैं कि हम सब विकसित भारत के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लेने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कंधा से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का संकल्प भी आज लें। कुल मिलाकर धूमल के भाषणों के कायल आज भी लोग हैं। राजनीतिक तजुर्बा और हर कार्यकर्ता को नाम लेकर पुकारने की आदत धूमल की खास पहचान है। इसका लाभ आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को जरूर मिलेगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here