
धर्मशाला (द स्टैलर न्यूज़)। कांग्रेस नेता युद्धवीर सिंह बैंस ने शुक्रवार को सरकार के कुछ नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पत्रकारवार्ता में आरोप लगाए तता कहा कि, प्रदेश के कुछ नेता और अफसर उनकी संपत्तियों को हड़पना चाहते हैं। बैंस ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के समर्थकों को मौजूदा व्यवस्था में योजनाबद्ध तरीके से प्रताड़ित किया जा रहा है और वह उसका एक उदाहरण हैं।

बैंस के अनुसार उन्होंने कुछ कांग्रेसी नेताओं और अधिकारियों द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके परिणामस्वरूप हमीरपुर में अवैध खनन मामले में दो गिरफ्तारियां हुईं। इस कार्रवाई के बाद उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। बात न मानने पर विजिलेंस के माध्यम से केसीसी बैंक ऋण मामले में उनके खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच के नाम पर शिमला विजिलेंस थाने में 29 दिनों तक उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह परिवार के करीबी होने के कारण उन्हें भी इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है। बैंस ने प्रदेश में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की जांच केंद्र सरकार से सीबीआई या किसी सीटिंग जज से करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके ऋण की किस्तें रोककर उनके प्रोजेक्ट्स को ठप करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे इन दबावों के आगे झुकने वाले नहीं हैं।
उन्होंने घोषणा की कि वह ईमानदार नेताओं को साथ लेकर अलग गुट बनाएंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 68 सीटों पर स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवार उतारे जाएंगे ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को जारी रखा जा सके।












