भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत, श्वेत मलिक ने प्रदेश सरकार और कांग्रेस को जमकर कोसा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक का होशियारपुर पहली बार पहुंचने पर जिला भाजपा की तरफ से अध्यक्ष डा. रमन घई की अगुवाई में जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला, फगवाड़ा के विधायक सोम प्रकाश, प्रदेश महासचिव राकेश राठौड़, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद, पूर्व सी.पी.एस. बीबी महिंदर कौर जोश, एस.सी. मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलबाग राय, भाजपा जिला प्रभारी जवाहर लाल खुराना, मेयर होशियारपुर शिव सूद व मेयर फगवाड़ा रमन खोसला के अलावा कई बड़े नेता मौजूद थे।

Advertisements

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं को मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा जनता की भलाई के लिए चलाई जा रही योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश की कैप्टन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने प्रदेश की जनता को वैंटीलेटर पर डाल दिया है और उसे और टार्चर किया जा रहा है। कभी किसी टैक्स के नाम पर तो कभी किसी टैक्स के नाम पर। श्वेत मलिक ने कहा कि जल्द ही भाजपा एकजुट होकर सडक़ों पर उतरेगी और कांग्रेस भगाओ पंजाब बचाओ का नारा बुलंद किया जाएगा, क्योंकि एक साल के भीतर ही प्रदेश की जनता इनके झूठे वायदों को जान चुकी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की तरफ से गरीबों के लिए चलाई गई हैल्थ योजना पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा हस्ताक्षर न किए जाने पर उन्हें बेहद दुख है, क्योंकि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री के इस कदम से लाखों गरीब इस योजना से वंचित रह गए हैं।

श्वेत मलिक ने कर्नाटक के घटनाक्रम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब राष्ट्रीय पार्टी न होकर क्षेत्रीय पार्टियों के साथ एक भीखारी की तरह सत्ता की भीख मांगने पर उतारु हो गई है। इसकी मिसाल आपको कर्नाटक में मिल ही गई होगी कि 38 विधायकों वाली तीसरे नंबर पर रहने वाली जे.डी.एस. को 78 विधायकों वाली कांग्रेस ने समर्थन देकर सिद्ध कर दिया है कि वो सत्ता के लालच में किसी के भी कदमों में गिरने को तैयार है।

इस दौरान उन्होंने पंजाब की पिछली अकाली-भाजपा सरकार द्वारा किए कार्यों को सराहा और उन्हें आज भी जनता के लिए वरदान बताते हुए केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों का व्याख्यान किया।

मंच से संबोधित करते हुए श्वेत मलिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नेताओं को इशारा किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर पार्टी के लिए काम करें ताकि आगामी लोकसभा और फिर विधानसभा चुनाव में केन्द्र व प्रदेश में भाजपा सरकार बनाई जा सके।

इस अवसर पर अविनाश राय खन्ना, विजय सांपला, तीक्ष्ण सूद, बीबी महिंदर कौर जोश ने भी संबोधित किया। समारोह के समापन पर जिला भाजपा की तरफ से श्वेत मलिक को सम्मानित किया गया। इस दौरान शहर की अलग-अलग संस्थाओं व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी श्री मलिक का सम्मान किया।

कार्यक्रम के समापन पर मेयर शिव सूद ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here