
पठानकोट (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर में तहसीलदार की सेवाएं निभा चुके अरविंद प्रकाश वर्मा जोकि इन दिनों पठानकोट में डी.आर.ओ. की सेवाएं निभा रहे हैं, द्वारा मैरिज रजिस्ट्रेशन करवाने वाले नवविवाहितों को पौधा देकर सम्मानित किए जाने की मुहिम का शुभारंभ किया था तथा यह क्रम उनके द्वारा वहां भी जारी रखा गया है। श्री वर्मा का कहना है कि पेड़ जोकि हमारा जीवन हैं तथा विवाह बंधन में बंधने वाले जोड़ों को पौधा भेंट करके वे उनके प्यार और नए जीवन के प्रारंभ की याद को ताजा रखने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे दोनों में प्यार तो बढ़ता है साथ ही वातावरण भी शुद्ध रखने में यह छोटा सा प्रयास है। क्योंकि, उनका मानना है कि विवाह की निशानी के रुप में मिले पौधे का दंपत्ति द्वारा ताउम्र ध्यान रखा जाता है।

इसी कड़ी के तहत डी.आर.ओ. अरविंद प्रकाश वर्मा की इस मुहिम की सराहना करते हुए विशेष तौर से पहुंचे हल्का भोया के विधायक जोगिंदरपाल ने नवदंपत्ति को पौधा भेंट किया और उन्हें शुभकामनाएं दी। विधायक जोगिंदरपाल ने कहा कि धरती को हरा भरा करना हम सभी का फर्ज है और जी.आर.ओ. वर्मा द्वारा शुरु की गई मुहिम सराहनीय है और दूसरे अधिकारियों को भी इसका अनुसरन करना चाहिए।
इस अवसर पर डी.आर.ओ. अरविंद प्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्हें खुशी होती है कि इस प्रयास से पर्यावरण को हराभरा रखने में योगदान डाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि वे नवदंपत्ति को पौधा रोपित करने दौरान की फोटो भी मंगवाते हैं ताकि यह बात सुनिश्चित हो जाए कि दंपत्ति ने पौधा रोपित करके उसकी देखभाल करनी शुरु कर दी है। उन्होंने बताया कि विवाह पंजीकृत करवाने आए अमित महाजन जोकि देख नहीं सकते तथा उनकी पत्नी ज्योति नैय्यर जोकि शारीरिक रुप से अक्षम हैं को पौधा भेंट करते समय उन्हें काफी खुशी महसूस हो रही है तथा इससे भी बड़ी बात यह है कि आज विवाह पंजीकृत करवाने पहुंचे दंपत्ति को विधायक जोगिंदरपाल ने पौधा भेंट किया।
इस दौरान नवदंपत्ति ने भी श्री वर्मा द्वारा वातावरण की सेवा में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की और कहा कि यह मुहिम हमें यह संदेश देती है कि अगर सभी लोग पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें तो वातावरण को प्रदूषण मुक्त किया जा सकता है।












