
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी को आज उस समय एक और झटका लगा जब वार्ड नंबर 50 में पड़ती शहीद भगत सिंह कालोनी निवासी अजय राणा जोकि आप के सक्रिय कार्यकर्ता थे, साथियों सहित कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके कांग्रेस मं शामिल होने पर सारी कालोनी ही कांग्रेसमयी हो गई। कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने अजय राणा और उनके सभी साथियों का पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत करते हुए सम्मानित किया। इस दौरान अजय राणा के साथ मोहिंदर सिंह, शशिपाल, सुभाष चंद्र, हरदयाल सिंह, हरबंस सिंह, राकेश कुमार, पूनम, नीरज, कैलाश वालिया, अल्का राणा, पवन, नरेश, वंदना आदि भी कांग्रेस में शामिल हुए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने कहा कि अजय राणा व उनके साथियों को पार्टी में उचित मान सम्मान दिया जाएगा तथा उन्हें खुशी है कि अजय राणा जैसे लोग जोकि शहर व समाज की भलाई चाहते हैं कांग्रेस के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं को दूर करवाना और लोगों को बढिय़ा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना ही उनका उद्देश्य है तथा वह इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए जनसेवा में जुटे हुए हैं।
इस मौके पर अजय राणा व उनके साथियों ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा द्वारा शहर व गांवों में करवाए जा रहे विकास कार्यों से जनता को काफी लाभ मिल रहा है तथा सालों से रुके हुए कार्य भी पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री अरोड़ा की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है, जिसका उन पर काफी प्रभाव पड़ा है। अजय राणा ने कहा कि वह श्री अरोड़ा की अगुवाई एवं मार्गदर्शन में जहां कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करेंगे वहीं शहर व गांवों की समस्याओं को श्री अरोड़ा के ध्यान में लाकर दूर करवाने का भी प्रयास करेंगे।












