पंजाब के राज्यपाल ने महान एथलीट मिलखा सिंह के देहांत पर गहरा दुख किया प्रकट

चंडीगढ़(द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के राज्यपाल और यू.टी. चण्डीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने महान एथलीट मिलखा सिंह के देहांत पर गहरा दुख प्रकट किया, जिनका पत्नी निर्मल मिलखा सिंह के देहांत से कुछ दिनों बाद बीती देर रात यहाँ पी.जी.आई. में कोविड के विरुद्ध लड़ाई लड़ते हुए देहांत हो गया। मिलखा सिंह का आज शाम यहाँ सैक्टर 25 के श्मशानघाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर और केंद्रीय खेल राज्य मंत्री किरेन रिजीजू अंतिम संस्कार के समय उपस्थित थे और उन्होंने फूल मालाएं अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धाँजलि भेंट की। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनको भारत के लिए विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कई स्वर्ण पदक जीतने वाले फ्लाइंग सिख मिलखा सिंह की मौत बारे जानकर बहुत दुख पहुँचा है। पद्मश्री मिलखा सिंह ने खेल के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अमिट छाप छोड़ी है। वह हमेशा नयी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

Advertisements

उनकी मृत्यु के कारण पैदा हुए सूनेपन की पूर्ति नहीं की जा सकती। श्री बदनौर ने दुखी परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और प्रशंसकों के साथ दिली हमदर्दी साझा की और इस दुख की घड़ी में परिवार को ईश्वरीय आदेश मानने का बल प्रदान करने और दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने के लिए परमात्मा के समक्ष अरदास की।  अंतिम संस्कार के समय पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, हरियाणा के खेल मंत्री सन्दीप सिंह, गुरप्रीत सिंह जी.पी. और काका रणदीप सिंह नाभा (दोनों विधायक) ने उपस्थित होकर बिछड़े नायक को अंतिम सत्कार भेंट किया। इस दौरान पंजाब पुलिस की 13वीं बटालियन ने कमांडेंट जतिन्दर सिंह खहरा और डी.एस.पी. शाम सुंदर, सी.आर.पी.एफ. और चण्डीगढ़ पुलिस की टुकड़ी ने इंस्पेक्टर दया राम के नेतृत्व में दो राउंड फायर करके दिवंगत आत्मा को श्रद्धाँजलि दी। इससे पहले मिलखा सिंह के पार्थिव शरीर को पी.जी.आई. से उनके घर लाया गया, जहाँ से फूलों के साथ सजाए वाहन में श्मशानघाट पहुँचाया गया।अंतिम संस्कार के समय पंजाब लोक संपर्क विभाग की डायरेक्टर अनिंदिता मित्रा, डी.सी. चण्डीगढ़ मनदीप सिंह बराड़ और एस.एस.पी. चण्डीगढ़ कुलदीप सिंह चाहल भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here