होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। योग साधन आश्रम मॉडल टाउन में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर आश्रम के संचालक चंद्रमोहन अरोड़ा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की धरोहर है। योग ऋषियों की विद्या है। संपूर्ण योग हमारे शरीर मन व बुद्धि तीनों का विकास करता है तथा उन्हें हमारी आत्मा के उत्थान के लिए उपयोगी बनाता है। हम जीवन में कर्म करने आए हैं परंतु हमारा शरीर रोग ग्रस्त रहकर इसमें बाधा बनता है। एक रोगी व्यक्ति में कोई भी काम करने का उत्साह नहीं होता। शरीर के रोगों में कमर, घुटनों ,गर्दन ,सिरआदि के दर्द के साथ साथ शुगर, रक्तचाप ,हृदय रोग, साइनस अस्थमा आदि अधिक प्रचलित है। योग के नेति, बमन, प्राणायाम, कपालभाती का नियमित अभ्यास करके हम इन रोगो से सदा के लिए बचे रह सकते हैं। खुशी की बात है कि योग की यह चारों क्रियाएं हम अनुभवी योगी से एक ही दिन में 30 मिनट में सीख सकते हैं।
मन को दुखों तथा डिप्रेशन से बचाने के लिए योग में 5 यम तथा 5 नियम का अपने दिन भर के व्यवहार में पालन करना होता है। अहिंसा, सत्य, अस्तेय ,ब्रह्मचर्य तथा अपरिग्रह 5 यम है। बुद्धि को भ्रांति एवं अज्ञान से मुक्त रखने के लिए प्रतिदिन ऋषिकृत ग्रंथों का स्वाध्याय करना चाहिए। इससे हमारा शरीर निरोग रहता है, मन प्रसन्न चित्त तथा चिंताओं से मुक्त रहता है, बुद्धि भटकती नहीं है। इससे आत्मा प्रभु के साथ युक्त रहती है तथा जीवन सुखमय रहता है।
योग साधन आश्रम मॉडल टाउन पिछले 68 वर्षों से निशुल्क योग विद्या का निरंतर प्रशिक्षण देकर ना केवल स्थानीय साधकों को अपितु दूर-दूर के क्षेत्रों से भी आए जिज्ञासु साधकों को शारीरिक मानसिक व आध्यात्मिक निरोगता का लाभ प्रदान कर रहा है। आश्रम के संस्थापक सदगुरुदेव चमन लाल ने अपने गुरु स्वामी मुलख राज जी की योग विद्या के सरल साधनों से असंख्य जीवो के असाध्य एवं लाइलाज रोगों का उपचार करके उन्हें जीवनदान प्रदान किया एवं उन्हें मुक्ति के मार्ग पर डाला।