
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गढ़दीवाला-दसूहा मार्ग पर आज दोपहर को मानगढ़ टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे पंचायती जमीन पर पेड़ों के बीच एक 18 वर्षीय लड़की शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुरलीन कौर पुत्री मंजीत सिंह निवासी मानगढ़ के रूप में हुई है।

मौके पर पहुंची गढ़दीवाला पुलिस ने हत्यारे द्वारा हत्या में इस्तेमाल किए गया तेजधार हथियार (चाकू) भी घटना स्थल से बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल दसूहा रखवा दिया था। परिजनों ने बताया कि गुरलीन 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद गढ़दीवाला में कंप्यूटर कोर्स करने जाती थी। रोजाना की तरह बुधवार को दोपहर करीब 1.30 बजे घर से गढ़दीवाला में कंप्यूटर सीखने गई थी, तभी करीब 3.30 बजे उसके नाना धर्म सिंह निवासी गांव वडाला ने गुरलीन को फोन किया तो लड़की ने कहा कि मैं घर जाने के लिए गढ़दीवाला बस स्टैंड पर पहुंची हूं। लेकिन उसके कुछ समय के बाद युवती ने फोन उठाना बंद कर दिया।
सायं 4.30 बजे जब राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ युवती का शव पड़ा देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव की पंचायत को दी और पंचायत ने गढ़दीवाला पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हरदेवप्रीत सिंह व सबइंस्पेक्टर निर्मल सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना करने पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग चाकू घटनास्थल से बरामद कर लिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर जांच शुरु कर दी थी।












