होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में प्रत्येक माह की 9 तारीख (सरकारी छुट्टी होने की सूरत में अगले दिन)को गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व देखभाल सेवाएं, आवश्यक जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
इस अभियान की जानकारी देते सिविल सर्जन डाॅ. बलविंदर कुमार ने कहा कि आज जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, पीएचसी, सीएचसी, अनुमंडलीय अस्पतालों और जिला अस्पतालों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया गया जहां स्त्री रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉक्टर और सहायक कर्मचारियों द्वारा एएनसी सेवाऍ दी गयी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा सभी गर्भवती महिलाओं की दूसरी और तीसरी तिमाही में प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच सुनिश्चित करना है।
विशेषकर उन गर्भवती महिलाओं को जो किसी कारण से पंजीकरण नहीं करा सकीं या पंजीकरण के बाद एएनसी सेवाओं का लाभ नहीं उठाया और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि इस दिन उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की जाती है और उनके लिए उपचार की सुविधा और उचित जन्म योजना तैयार की जाती है क्योंकि उन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष देखभाल प्रदान करके मातृ मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। इस दिन विभाग द्वारा प्रसव से पहले और बाद में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाती है।