
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लोकसभा चुनाव के चलते जहां भाजपा द्वारा जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया जा रहा है तो एेसे समय में होशियारपुर भाजपा को जोरदार झटका लगा है। क्योंकि पार्टी के एक नेता ने पार्टी से त्यागपत्र देते हुए पार्टी जिम्मेदारियों से खुद को मुक्त कर लिया है। जिसके चलते भाजपा के लिए विकट समय कहे जाने वाले मौजूदा समय में पार्टी के लिए यह झटका किसी भूकंप से कम नहीं है। अब देखना यह होगा कि पार्टी के बड़े नेता इस परिस्थिति को किस प्रकार संभालने में कामयाब हो पाते हैं। क्योंकि, इस बार भले ही मोदी जी के नाम का जादू चलने की बात कही जा रही हो, लेकिन भाजपा की गुटबाजी जीत के मार्ग में जो कांटे बिछा रही है, वह किसी से छिपे नहीं हैं तथा इस समय में डा. रमन घई जैसे बड़े नेता का पार्टी छोड़ना जहां तर्कसंगत नहीं कहा जा सकता, वहीं चुनाव के मद्देनज़र यह बहुत बड़ा झटका ही है।

जानकारी अनुसार भाजपा स्पोर्टस सैल पंजाब तथा जिला भाजपा होशियारपुर के पूर्व अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य तथा वर्तमान में जिला प्रभारी युवा मोर्चा डा. रमन घई ने पार्टी की तमाम जिम्मेदारियों को छोड़ते हुए पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि अब वह निजी व्यस्तता के चलते पार्टी कार्य करने में असमर्थता जता रहे थे, जिसके कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में जो नेता पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहते हैं, उनके कार्य में पार्टी के कुछ उच्च पदाधिकारी बाधा डालते रहते हैं, जिसके कारण उन्हें पार्टी में घुटन महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी उसे पूरी ईमानदारी एवं मेहनत से निभाते हुए पार्टी के कार्य को आगे बढ़ाया तथा इस दौरान जिन नेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उऩका साथ दिया उन सभी का वह धन्यवाद करते हैं। इसके अलावा जो पार्टी अपने अनुशासन के लिए जानी जाती हो और जिन लोगों ने पार्टी अनुशासन को तोड़ा हो व पार्टी नेताओं का अपमान किया हो उन्हें पार्टी से निकालने के बाद फिर शामिल करने के प्रति पार्टी के नर्म रवैये के चलते उन्हें काफी ठेस पहुंची है।
इसलिए वह अपनी सभी जिम्मेदारियों से खुद को मुक्त करते हुए पार्टी से त्यागपत्र दे रहे हैं। डा. घई ने बताया क उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी अधिकारियों को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्य करते हुए अगर जाने अंजाने में किसी को उनसे कोई ठेस पहुंची हो तो उसके लिए वह खेद प्रकट करते हैं। डा. घई ने कहा कि वह अगला फैसला अपने साथियों के साथ परामर्श करने उपरांत लेंगे।












