
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश के बरेली जा रही एक स्लीपर बस पर डेराबस्सी फ्लाईओवर के पास हमला होने का समाचार है। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर करीब 10 युवकों ने कथित तौर पर बस चालक, कंडक्टर और अन्य कर्मचारियों पर तलवारों, लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। हमलावरों ने बस का अगला शीशा, खिड़कियां और लाइटें तोड़ दीं। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों समेत कुछ यात्रियों ने बस से उतरकर भागकर अपनी जान बचाई। टूटे शीशों से कुछ यात्रियों को चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, हरश बस सर्विस की यह बस चंडीगढ़ से बरेली जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले के पीछे किसी अन्य ट्रांसपोर्टर से जुड़ी रंजिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि यात्रियों को बस में बैठाने और किराये को लेकर ट्रांसपोर्टरों के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने हमले के कारणों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।












